Palamu News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद पड़ोसी राज्य झारखंड से शराब की तस्करी लगातार जारी है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए नया तरीका अपनाया था। फल की पेटियों में शराब की बोतलें छिपाकर यात्री बस के जरिए बिहार ले जाई जा रही थीं। हालांकि, पलामू जिले की पड़वा पुलिस ने तस्करों की इस चाल को नाकाम कर दिया। पुलिस ने यात्री बस की छत और डिक्की से कुल 30 पेटी शराब बरामद की है। वहीं, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गया।
फलों की पेटियों में छिपाई थी शराब की बोतलें

पुलिस के अनुसार, डालटनगंज से बिहार की ओर जा रही जय मां नामक यात्री बस में शराब की बड़ी खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पड़वा पुलिस ने बस को रोककर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब फल की पेटियों के बीच शराब की बोतलें छिपाकर रखी हुई मिलीं। पुलिस ने बस की छत और डिक्की की जांच की तो वहां से कुल 30 पेटी शराब बरामद हुई।
यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर तस्कर फरार
बताया जाता है कि बस में यात्रियों की काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर शराब तस्कर पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से बस में बैठे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और फरार तस्कर की पहचान करने में जुटी है।
सब इंस्पेक्टर चिंटू कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पड़वा पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में थाना के सब इंस्पेक्टर चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ शामिल थे। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और बिहार में इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


