Darbhanga News: जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिग किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एनएच-27 पर मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति चौक के समीप हुआ। चारों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतकों की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोमिन टोला निवासी फारीश (15), मो. इस्तखार (15) और अल्ताफ नेयाज (16) के रूप में हुई है। वहीं, घायल मो. तल्फ (16) का दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
धार्मिक जलसे से लौट रहे थे चारों दोस्त
जानकारी के अनुसार, चारों किशोर मंगलवार की रात बाकरगंज स्थित एक मस्जिद में आयोजित धार्मिक जलसे में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे वे एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाकरगंज से लगभग आठ किलोमीटर दूर बाजार समिति चौक के पास अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि बाइक पर सवार किसी भी किशोर ने हेलमेट नहीं पहना था।
सुबह मिली हादसे की सूचना, डीएमसीएच पहुंचे परिजन
मृतक के चाचा मो. अकील ने बताया कि चारों बच्चे मदरसे में पढ़ते थे। परिवार के किसी सदस्य को जानकारी नहीं थी कि वे रात में बाइक लेकर कहां गए हैं। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की सूचना मिलने पर परिजन डीएमसीएच पहुंचे, जहां उन्होंने तीनों की पहचान की। परिजनों ने फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और वाहन की पहचान कर जब्त करने की मांग की है।
डीएमसीएच में छह थानों की पुलिस तैनात
तीन किशोरों की एक साथ मौत से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए मब्बी, विश्वविद्यालय, बेंता, कोतवाली, लहेरियासराय और सदर थाना की पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
ओवरब्रिज निर्माण की मांग फिर उठी
इस हादसे के बाद बाजार समिति चौक पर लंबे समय से लंबित ओवरब्रिज निर्माण की मांग फिर तेज हो गई है। स्थानीय भाजपा मीडिया प्रभारी सह पूर्व मुखिया शमसे आलम खां ने कहा कि यदि यहां ओवरब्रिज का निर्माण हुआ होता तो शायद ऐसी दुर्घटना टाली जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
यह हादसा तेज रफ्तार, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, एक बाइक पर चार सवारियों और हेलमेट की अनदेखी जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाता है। तीन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई और बाजार समिति चौक पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार पर टिकी है।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, सरकारी कर्मचारियों का DA 3% बढ़ा; 32 प्रस्तावों पर लगी मुहर


