Khunti News: जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मुरहू प्रखंड के सोयको थाना क्षेत्र अंतर्गत बुड़जू गांव में चेकडैम में डूबने से एक महिला और उसके छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के समय महिला अपने दोनों बच्चों के साथ नहाने गई थी। इस दौरान उसका दो वर्षीय छोटा बेटा सुरक्षित बच गया। मां और बड़े भाई की मौत के बाद मासूम के सिर से मां का साया उठ गया और परिवार में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सुबीता कुमारी और उसके छह वर्षीय बेटे सुगना मुंडू के रूप में हुई है। सुबीता बुड़जू गांव निवासी जीतराय मुंडा की पत्नी थी।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए मां-बेटे
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सुबीता कुमारी अपने दोनों बेटों सुगना मुंडू और दो वर्षीय सोमा मुंडू को लेकर गांव के चेकडैम में नहाने गई थी। इसी दौरान नहाते समय सुबीता और उसका बड़ा बेटा सुगना अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए। देखते ही देखते दोनों पानी में डूबने लगे।
वहीं, दो वर्षीय छोटा बेटा सोमा चेकडैम के किनारे ही रह गया। मां और बड़े भाई को पानी में डूबता देख वह कुछ देर बाद रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों का ध्यान चेकडैम की ओर गया।
ग्रामीणों ने किया बचाने का प्रयास, लेकिन नहीं बची जान
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां मां और बेटे को पानी में डूबा देखकर लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और मां-बेटे की मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना के बाद शुक्रवार को पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
मासूम के सिर से उठा मां का साया, गांव में मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद बुड़जू गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे दुखद स्थिति उस दो वर्षीय मासूम की है, जिसने इस हादसे में अपनी मां और बड़े भाई दोनों को खो दिया।
जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।


