Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय शिक्षिका पूजा राय की मौत हो गई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर चौक के पास सीमेंट लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने पीछे से बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पूजा राय और उनके सहयोगी शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान पूजा ने मायागंज अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे शिक्षक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतका पूजा राय भागलपुर के बूढ़ानाथ इलाके की रहने वाली थीं। वह बांका स्थित संत जोसेफ स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर के पद पर कार्यरत थीं। इसके साथ ही उनकी पहचान नेशनल बॉक्सिंग रेफरी के रूप में भी थी। पूजा की आठ साल की एक बेटी है। उनकी असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद पूजा राय अपने सहयोगी शिक्षक राजीव राय (अमित कुमार), उम्र 42 वर्ष, के साथ बुलेट बाइक से भागलपुर लौट रही थीं। इसी दौरान जगदीशपुर के भवानीपुर चौक के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सीमेंट लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पूजा के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पूजा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर डायल-112 की टीम ने अपने वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद पूजा की जान नहीं बचाई जा सकी।
खेल जगत में थी पूजा की पहचान
पूजा राय केवल शिक्षिका ही नहीं, बल्कि खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान रखती थीं। वह खुद एक अच्छी बॉक्सर थीं और राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग रेफरी की जिम्मेदारी निभा चुकी थीं। खेल प्रतियोगिताओं के सिलसिले में उन्होंने हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों का दौरा किया था। उनके निधन से शिक्षा और खेल जगत में शोक की लहर है।
ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि टिकानी स्टेशन की ओर से सीमेंट लदे ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। इससे इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


