Araria News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार लगातार जारी है। इसी क्रम में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टैंकर से 2777.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब को टैंकर के अंदर छिपाकर पश्चिम बंगाल की ओर से बिहार में तस्करी के लिए लाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टैंकर के चालक और सह चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब पर ‘फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश’ अंकित है।
मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेशी शराब की एक बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की ओर फोरलेन सड़क के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही मद्य निषेध विभाग के एसआई शिवज्ञान कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

इस टीम में एसआई प्रीति कुमारी, एएसआई सोनालाल, मद्य निषेध विभाग के सिपाही और प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे। टीम ने शनिवार की सुबह करीब पौने पांच बजे संदिग्ध टैंकर को आते देखा। टैंकर का रजिस्ट्रेशन नंबर ओडी15ए 2875 बताया गया है।
जैसे ही चालक की नजर विभागीय टीम पर पड़ी, उसने वाहन को घुमाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क टीम ने घेराबंदी कर टैंकर को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टैंकर में छिपाकर रखी गई 2777.4 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर डोकरा वार्ड संख्या 10 निवासी दिनेश कुमार यादव और वैशाली जिले के बेलसर निवासी अरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों टैंकर में चालक और सह चालक के रूप में सवार थे।
अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि जब्त शराब पर अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए होने का उल्लेख है। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप को अवैध तरीके से परिवहन किए जाने की बात सामने आई है।
विभाग की ओर से बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वाहन मालिक, चालक और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।


