Seraikela-Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से पुलिस व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। जिस थाने में एक महिला न्याय की उम्मीद लेकर पहुंची थी, वहीं उसके साथ दु/ष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। मामले में गम्हरिया थाने में पदस्थापित एक सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी अनुसार, दुग्धा गांव की रहने वाली महिला गुरुवार की रात घरेलू विवाद और पति द्वारा कथित मारपीट की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी। महिला का आरोप है कि देर रात होने के कारण उसे थाना परिसर के एक कमरे में रुकने के लिए कहा गया। इसी दौरान वहां तैनात सिपाही नीरज लकड़ा ने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती की।

पीड़िता के अनुसार, उसने आरोपी का विरोध किया और खुद को बचाने के लिए शोर भी मचाया, लेकिन उसे तत्काल मदद नहीं मिली। अपनी सुरक्षा के लिए महिला ने पास में रखे चाकू से आरोपी पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत सब इंस्पेक्टर मनोज साहु, अनिरुद्ध सिंह व आरक्षी संतोष राय को निलंबित कर दिया गया है
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
इस घटना ने पुलिस थानों में महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत लेकर पहुंचने वाली पीड़िताओं के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जिस जगह पर महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, वहां ऐसी कथित घटना कैसे हुई? क्या थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं थी? इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।


