Patna News: बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि एशिया में बिहार संग्रहालय को शीर्ष स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर देश के जाने-माने उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी खुशी जाहिर करते हुए संग्रहालय की सराहना की है।
बिहार संग्रहालय की इस उपलब्धि को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आनंद महिंद्रा का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बिहार आने का न्योता देते हुए पटना स्थित बिहार संग्रहालय का भ्रमण करने और हाई टी पर मुलाकात कर बातचीत करने का आमंत्रण दिया।

सम्राट चौधरी ने निवेश के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की पहचान है। इस उपलब्धि की सराहना करने के लिए उन्होंने आनंद महिंद्रा के प्रति बिहार की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने आनंद महिंद्रा को बिहार की विकास यात्रा से जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने उद्योग, कृषि, तकनीक और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री का कहना है कि इन क्षेत्रों में निवेश से बिहार में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।
आनंद महिंद्रा ने स्वीकार किया निमंत्रण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आत्मीय निमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक संदेश की सराहना की।
आनंद महिंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री का जवाब सचमुच दिल छू लेने वाला है। बिहार संग्रहालय को लेकर उनका गर्व और लगाव भी उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें बिहार आने का अवसर मिलेगा, वह मुख्यमंत्री के निमंत्रण को जरूर स्वीकार करेंगे।
वैश्विक पहचान से बढ़ेगा बिहार का गौरव
अंतरराष्ट्रीय यात्रा पत्रिका ‘वर्थ एंड जर्नी’ की ओर से जारी दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में बिहार संग्रहालय का नौवां स्थान हासिल करना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एशिया में शीर्ष स्थान मिलने से बिहार की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है।
इस उपलब्धि के बाद बिहार संग्रहालय न केवल पर्यटन के लिहाज से चर्चा में है, बल्कि उद्योग जगत का ध्यान भी प्रदेश की ओर आकर्षित कर रहा है। मुख्यमंत्री और आनंद महिंद्रा के बीच हुई यह सोशल मीडिया बातचीत भविष्य में बिहार में निवेश और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


