Siwan News: बिहार के सीवान जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एक महिला रेलवे के माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई। महिला का आरोप था कि प्रेमी के परिवार वाले उसे अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने और दोनों की कोर्ट मैरिज कराने की मांग पर अड़ी रही। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद महिला शाम 4:10 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रेमी के परिवार ने अपनाने से किया इनकार

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के बधुपुर निवासी अंजू राजभर की शादी पहले हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। महिला के मुताबिक, उसे सीवान जिले के धनौती थाना क्षेत्र के मुड़ा गांव निवासी गुड्डू यादव से प्रेम हो गया था। वह वर्ष 2022-23 से अपने पहले पति और बच्चों को छोड़कर गुड्डू के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में रह रही थी।
बताया जाता है कि दो-तीन दिन पहले गुड्डू उसे लेकर अपने गांव पहुंचा था। हालांकि, परिवार के लोगों ने अंजू को अपनाने से इनकार कर दिया। शुक्रवार को गुड्डू उसे सीवान जंक्शन लेकर आया और गांव जाने की बात कहकर वहां से चला गया। इससे परेशान महिला ने ऐसा कदम उठाया कि स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
रेलवे टावर पर चढ़कर कोर्ट मैरिज की मांग
प्रेमी के चले जाने के बाद अंजू रेलवे माइक्रोवेव टावर के पास पहुंची। उसने करीब नौ फीट ऊंची दीवार पार की और टावर पर चढ़ गई। रेलवे कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ी तो तत्काल आरपीएफ को सूचना दी गई।
महिला को टावर पर चढ़ा देख स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग और डायल 112 की टीम को भी बुलाया गया।
समझाने के बाद सुरक्षित नीचे उतरी महिला
आरपीएफ और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मोबाइल फोन के जरिए महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। लेकिन वह प्रेमी को बुलाने और कोर्ट मैरिज कराने की मांग पर अड़ी रही। इस दौरान एक कर्मचारी टावर पर ऊपर चढ़ा और महिला को बिस्किट व पानी उपलब्ध कराया।
अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि पहले वह सुरक्षित नीचे उतर आए, इसके बाद उसकी बात सुनी जाएगी। लगातार समझाने-बुझाने के बाद शाम 4:10 बजे महिला नीचे उतर आई। इसके बाद आरपीएफ ने डायल 112 की पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया।
घटना के दौरान स्टेशन परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा रही। प्रेम संबंध और शादी की मांग को लेकर हुई इस घटना की इलाके में चर्चा होती रही।


