Bhagalpur News: सावन के भक्तिमय माहौल में सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम तक जाने वाले कच्ची कांवरिया पथ पर इन दिनों शिवभक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच दरभंगा से भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर भी कांवर लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की पैदल यात्रा पर निकल पड़े। उन्होंने सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र घाट पर विधि-विधान से जल भरा और बाबा धाम के लिए अपनी यात्रा शुरू की।
सांसद के कांवर लेकर पैदल रवाना होने की खबर मिलते ही आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला। सांसद अपने सहयोगियों के साथ करीब 105 किलोमीटर लंबी दूरी पैदल तय करेंगे। उनकी यात्रा मुंगेर के प्रसिद्ध कच्ची कांवरिया पथ से होकर बाबा बैद्यनाथ धाम तक पहुंचेगी।

यात्रा शुरू करने से पहले सांसद गोपाल जी ठाकुर ने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सुल्तानगंज के थानाध्यक्ष विपुल कुमार, एसआई शंभू पासवान सहित कई स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कांवर यात्रा के उद्देश्य के बारे में सांसद ने कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ से प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के साथ देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और देश की निरंतर प्रगति की प्रार्थना करेंगे।
गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि कंधे पर कांवर लेकर बाबा धाम तक पैदल पहुंचना उनके लिए आस्था और संकल्प का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान शिव की कृपा से उनकी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी होगी।
कच्ची कांवरिया पथ पर सांसद को आम श्रद्धालुओं की तरह पैदल कांवर लेकर जाते देखकर दूसरे कांवरियों और स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता रही। कई श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और बातचीत भी की। सांसद की कांवर यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं।
सुल्तानगंज से देवघर तक की कांवर यात्रा धार्मिक आस्था के साथ शारीरिक तपस्या से भी जुड़ी मानी जाती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर वर्ष उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। इसी परंपरा के तहत सांसद गोपाल जी ठाकुर भी इस बार पैदल यात्रा पर निकले हैं।


