Patna News: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। इसके साथ ही राजनीतिक दलों की चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने हिस्से की चार सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया।
भाजपा ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के चार उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी आठ प्रत्याशियों के नाम सामने आ गए हैं।
इससे पहले जनता दल यूनाइटेड ने अपने हिस्से की चार सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए थे। पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा और सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा ने पटना शिक्षक और कोसी स्नातक सीट पर मौजूदा सदस्यों नवल किशोर यादव और एनके यादव को दोबारा मौका दिया है। दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रताप सिंह को मैदान में उतारा गया है।
नामांकन के पहले दिन पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद समर्थकों के साथ पटना कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर नामांकन किया। इस दौरान राजद नेता भोला यादव सहित पार्टी के कई नेता और समर्थक मौजूद रहे।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव में चर्चा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां जदयू के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। अनंत सिंह ने उनके पक्ष में प्रचार करने की बात भी कही है। उन्होंने नीरज कुमार के साथ अपने मतभेद को व्यक्तिगत विवाद बताया है।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आठों सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी के स्नातक तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होना है।
इस खबर को भी पढ़ें : किशनगंज में एक करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार,पिस्टल भी मिली


