Nawada News: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। जदयू प्रवक्ता और वर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार के सामने अब नवादा के शिक्षाविद डॉ. अनुज सिंह की दावेदारी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। इस बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह द्वारा डॉ. अनुज सिंह को खुला समर्थन देने के ऐलान से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
डॉ. अनुज सिंह हाल ही में बाढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मोकामा विधायक अनंत सिंह से हुई। मुलाकात के दौरान ही अनंत सिंह ने आगामी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की घोषणा कर दी।
अनंत सिंह ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव सीधे तौर पर दलगत आधार पर नहीं होता है। ऐसे में किसी योग्य उम्मीदवार के समर्थन में पार्टी से अलग राय रखी जा सकती है। उन्होंने साफ कहा कि वह वर्तमान विधान पार्षद और जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार के मुकाबले डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में खड़े रहेंगे।
अनंत सिंह ने दावा किया कि डॉ. अनुज सिंह की जीत के लिए उनके समर्थक पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 26 विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय होकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद चुनावी मैदान में डॉ. अनुज के लिए प्रचार और समर्थन जुटाने में भूमिका निभाएंगे।
समर्थन की घोषणा के दौरान अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में कहा कि डॉ. अनुज सिंह को चुनाव में हराना आसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थन से डॉ. अनुज की स्थिति मजबूत होगी और उनके समर्थक पूरी ताकत से चुनाव में काम करेंगे।
खास बात यह है कि अनंत सिंह खुद जदयू से जुड़े विधायक हैं, जबकि नीरज कुमार भी जदयू के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में एक ही दल से जुड़े दो नेताओं के बीच इस चुनाव को लेकर अलग-अलग रुख सामने आने से राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है।
हालांकि, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदाताओं का समीकरण सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग होता है। ऐसे में अनंत सिंह के समर्थन का डॉ. अनुज सिंह को कितना चुनावी फायदा मिलेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल उनके ऐलान ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मुकाबले को जरूर नया राजनीतिक रंग दे दिया है।


