Aurangabad News: जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही दूरी के अंतराल में हुए इन हादसों में शिक्षिका दंपति समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना अंजनवा गांव के समीप एनएच-19 पर हुई, जबकि दूसरी घटना पड़रिया गांव के पास सामने आई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में मातम पसर गया और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना अंजनवा गांव के पास एनएच-19 पर उस समय हुई, जब प्रहलाद महतो अपनी पत्नी उर्मिला देवी को बाइक से अंजनवा स्थित मध्य विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के जोबड़ी गांव निवासी प्रहलाद महतो और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि उर्मिला देवी अंजनवा स्थित मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं और प्रहलाद उन्हें रोज की तरह स्कूल छोड़ने जा रहे थे। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-19 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इ
सी दौरान जाम से बचने के लिए एक नेक्सॉन कार पड़रिया गांव की ओर से निकल रही थी। बताया गया कि पड़रिया गांव में दो महिलाएं अपने घर के दरवाजे के पास बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी बीच अनियंत्रित कार ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पड़रिया गांव निवासी प्यारी कुंअर और बरतिया देवी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, कार हाल ही में खरीदी गई थी और रांची से बनारस ले जाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार एक आर्मी जवान की थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार को रोक लिया और चालक को सुरक्षित मदनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पहली घटना में ट्रक चालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


