Dhanbad News: धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में साथ मौजूद दोनों बच्चे भी गहराई में चले गए और तीनों डूब गए।
मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। घटना के बाद रंगलीटांड और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बच्चे शुक्रवार को रंगलीटांड स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। परिजनों ने बताया कि तीनों अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को भी वे नहाने के लिए तालाब पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद यह हादसा तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल देगा।
बताया गया कि नहाने के दौरान अचानक एक बच्ची तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और पानी में डूबने लगी। उसे परेशानी में देखकर साथ मौजूद दोनों बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया। बचाने की कोशिश में दोनों भी गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों बच्चे पानी में डूब गए।
हादसे के बाद तालाब के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को तलाशने के लिए तालाब में उतर गए। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के संबंध में स्थानीय लोगों और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक साथ तीन बच्चों की मौत से रंगलीटांड में शोक की लहर है। जिन बच्चों के साथ परिवारों ने भविष्य के सपने देखे थे, उनकी अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। पूरे इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है।


