धनबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। धनबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। धनसार थाना क्षेत्र में आधी रात गश्त कर रही पुलिस टीम ने दो बाइक पर सवार छह संदिग्ध युवकों को पीछा कर गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में एक बाइक चोरी की होने का भी खुलासा हुआ। मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में कुल सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
रविवार को प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्रवाई धनसार थाना क्षेत्र के कलासंगम मनईटांड़ इलाके में की गई। पुलिस गश्ती दल 22 अगस्त की रात करीब साढ़े तीन बजे क्षेत्र में निगरानी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर दो बाइक पर सवार छह युवकों पर पड़ी। पुलिस वाहन को देखते ही सभी संदिग्ध भागने लगे।
इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हॉक की मदद से इलाके की घेराबंदी कर सभी छह युवकों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो आजाद आलम की कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। वहीं, मुकेश कुमार की जेब से 3.15 एमएम की एक जिंदा गोली मिली।
पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपितों के पास मौजूद दो बाइकों में से एक चोरी की है। पुलिस के मुताबिक यह बाइक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी। प्रारंभिक पूछताछ में सभी आरोपितों के चोरी की नीयत से इलाके में घूमने की बात सामने आई है।
पुलिस ने हथियार के स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपितों से पूछताछ की। इसी दौरान आजाद आलम ने हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के तौर पर जग्गू पासवान का नाम बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार सातों आरोपितों के पास से दो बाइक, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। अब पुलिस उनके पुराने मामलों और अन्य आपराधिक घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
धनसार पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


