Chatra News: अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में पुलिस नेचांदनी होटल में कथित रूप से संचालित देह व्यापार के रैकेट का खुलासा किया है। न्यू परिसदन भवन के सामने स्थित होटल में पुलिस की छापेमारी के दौरान पांच युवतियों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में रैकेट की कथित संचालिका भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को इसकी जानकारी दी गई। सूचना का सत्यापन कराने के बाद सदर थाना पुलिस की ओर से विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने चांदनी होटल में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई। पुलिस ने वहां से पांच युवतियों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान होटल के चार कमरों से कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, एक अपाची मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की है।
इस कार्रवाई की जानकारी सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पूरी तैयारी के साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य होटल में संचालित कथित रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाना है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर संबंधित स्थानों पर जांच और कार्रवाई की जाएगी।


