Araria News: जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को शनिवार सुबह निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटना से पहुंची निगरानी की टीम ने यह कार्रवाई अररिया के शिवपुरी स्थित उनके किराए के आवास पर की। रिश्वत की रकम लेने के बाद जैसे ही महाप्रबंधक उसे बगल की अलमारी में रखने लगे, धावा दल ने घर में प्रवेश कर उन्हें दबोच लिया और रकम बरामद कर ली।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार अररिया के बनगामा निवासी मशीन सप्लायर कमरे आलम ने उद्योग विभाग को करीब 17 लाख रुपये की मशीनों की आपूर्ति की थी। आरोप है कि इस सप्लाई के भुगतान के एवज में महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने पांच प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। पांच प्रतिशत के हिसाब से करीब 85 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
मशीन सप्लायर कमरे आलम रिश्वत की रकम देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना में 7 अगस्त 2026 को कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) और 7(बी) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके बाद निगरानी विभाग ने महाप्रबंधक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए धावा दल का गठन किया। शनिवार को टीम की योजना के अनुसार मशीन सप्लायर 50 हजार रुपये लेकर शिवपुरी स्थित महाप्रबंधक के आवास पर पहुंचा। रकम देने के बाद अनिल कुमार मंडल ने उसे लेकर बगल की अलमारी में रखने का प्रयास किया। इसी दौरान निगरानी टीम ने घर में प्रवेश कर उन्हें पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम अनिल कुमार मंडल को अपने साथ पटना ले गई। वहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बताया गया कि अनिल कुमार मंडल वर्ष 2018 से 2022 तक अररिया में ही जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक के पद पर तैनात रह चुके हैं। तबादले के बाद वह करीब डेढ़ महीने पहले दोबारा अररिया लौटे थे। उन्होंने 26 जून को महाप्रबंधक के पद पर फिर से योगदान दिया था। दोबारा पदभार संभालने के कुछ ही समय बाद रिश्वत के आरोप में उनकी गिरफ्तारी से उद्योग विभाग में हड़कंप मच गया है।


