Jamshedpur News: जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित बामनगोड़ा के जाकिरनगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। बैंक की नियमित आंतरिक ऑडिट के दौरान इस वित्तीय अनियमितता का खुलासा हुआ, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मामले की शिकायत केनरा बैंक के बिष्टुपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के रीजनल मैनेजर एम. रामानाथन की ओर से आजादनगर थाना में दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार, गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया सोना शाखा के लॉकर में सुरक्षित रखा गया था, लेकिन ऑडिट के दौरान कई पैकेट रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए और गायब पाए गए। बैंक के अनुसार, कथित गबन 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच हुआ और इसकी अनुमानित कीमत 1.10 करोड़ रुपये से अधिक है।
एफआईआर में तत्कालीन सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, तत्कालीन शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। बैंक प्रबंधन के मुताबिक, वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी संबंधित शाखा में कार्यरत नहीं है।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि हर तीन महीने पर होने वाली नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन रिकॉर्ड और लॉकर में सुरक्षित रखे गए आभूषणों का मिलान किया जाता है। इसी प्रक्रिया में कई पैकेट गायब मिलने के बाद विस्तृत आंतरिक जांच शुरू की गई और पर्याप्त आधार मिलने पर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई।
आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और कथित गबन को किस तरीके से अंजाम दिया गया।
उधर, बैंक प्रबंधन भी अपनी समानांतर आंतरिक जांच कर रहा है। जांच एजेंसियां बैंक के रिकॉर्ड, लॉकर संचालन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। पुलिस और बैंक की जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।


