Dhanbad News: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन क्षेत्र में छापेमारी कर सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क किनारे खड़े एक हाईवा ट्रेलर से पुलिस वाहन की तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम बरही अनुमंडल क्षेत्र में 24 जून को हुई मारपीट की घटना के एक आरोपित की तलाश में मैथन पहुंची थी। छापेमारी के दौरान आरोपित हाथ नहीं लगा। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बरवाअड्डा थाना से लगभग 500 मीटर पहले सड़क किनारे खड़े हाईवा ट्रेलर से वाहन टकरा गया।
हादसे में पुलिस जवान रामलखन यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नरेश यादव (37), ग्रीन पासवान (37) और सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (35) घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना के समय सरकारी वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में एक जवान की मौत हुई है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। एक जवान की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और एक अन्य घायल का ऑपरेशन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायल जवानों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घायल जवान ग्रीन पासवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है और परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। विभागीय अधिकारियों ने मृत जवान के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।


