Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करते हुए पटना मेट्रो सेवा का विस्तार भूतनाथ रोड स्टेशन तक कर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री स्वयं मेट्रो ट्रेन में सफर कर मलाही पकड़ी से भूतनाथ रोड स्टेशन पहुंचे। उनके साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
मलाही पकड़ी और भूतनाथ रोड स्टेशन के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबा नया सेक्शन शुरू होने से पूर्वी पटना के हजारों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय निवासी इस स्टेशन के उद्घाटन का इंतजार कर रहे थे। अब आम यात्री भी यहां से मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
नए विस्तार के बाद इस कॉरिडोर पर कुल चार स्टेशन संचालित हो रहे हैं। इनमें मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी स्टेशन शामिल हैं। इससे यात्रियों को शहर के पूर्वी हिस्से में तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक 6.2 किलोमीटर की दूरी अब केवल 16 मिनट में पूरी की जा सकेगी। फिलहाल इस रूट पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हर 35 मिनट के अंतराल पर एक मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाएगा। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ट्रेनों की संख्या और फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जा सकती है।
इस रूट पर अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे कंकड़बाग, राजेंद्रनगर, भूतनाथ और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दैनिक यात्रा में समय और लागत दोनों की बचत होगी। शहर में बढ़ते ट्रैफिक के बीच मेट्रो सेवा लोगों के लिए एक बेहतर और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्टेशन को आकर्षक तरीके से सजाया गया था और उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
पटना मेट्रो का यह विस्तार राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क के और विस्तार से शहरवासियों को आधुनिक और तेज परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।


