Simdega News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने बुधवार को सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड स्थित बीआरसी कार्यालय में पदस्थापित बीपीओ अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केरसई थाना क्षेत्र के टेंगर नवाटोली निवासी रंजीत खाखा ने एसीबी रांची में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके विद्यालय में मध्याह्न भोजन मद के तहत अंडा एवं फलाहार के लिए आवंटित राशि का उपयोग करने के बाद लगभग 33,426 रुपये शेष बचे थे। इस राशि का प्रतिवेदन जमा करने पर बीपीओ अनिल खलखो ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और कार्रवाई की धमकी दी।
शिकायतकर्ता द्वारा राशि कम करने का आग्रह किए जाने पर मामला 8 हजार रुपये में तय हुआ। हालांकि शिकायतकर्ता सरकारी राशि से रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी।एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी थाना रांची में कांड संख्या 12/26, दिनांक 23 जून 2026 को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद एसीबी की विशेष टीम ने जाल बिछाकर बुधवार को बीआरसी कार्यालय, केरसई में बीपीओ अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


