Bettiah News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। बेतिया पुलिस जिले के गदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के एक ऐसे ही अनोखे मामले का खुलासा किया है, जहां तस्कर वाहनों की जगह घोड़ों का इस्तेमाल कर विदेशी शराब की खेप पहुंचा रहे थे। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इस तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार, गदीशपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर घोड़ों पर शराब लादकर इलाके में अवैध सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सूचना का सत्यापन करने के बाद बनहौरा नहर के समीप घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस को दो घोड़ों के साथ संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पुलिस टीम को देखते ही तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों की मुस्तैदी के कारण एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मड़ुवाहा गांव निवासी रविंद्र यादव के रूप में की गई है।
पुलिस द्वारा घोड़ों की तलाशी लेने पर दोनों जानवरों पर लदी कुल 86 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए गए दोनों घोड़ों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों और सप्लायरों की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


