Jharkhand News: खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पतराटोली गांव निवासी 26 वर्षीय युवक इमानुएल टुटी ने अपनी सगाई के कुछ घंटों बाद ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और हैरानी का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को इमानुएल टुटी का पारंपरिक लोटा-पानी यानी छेका कार्यक्रम संपन्न हुआ था। उसकी सगाई तोरपा प्रखंड के अम्बापखना गांव की एक युवती के साथ हुई थी। कार्यक्रम खुशी और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। सगाई के बाद रात में इमानुएल अपने गांव पतराटोली लौट आया था।
बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद उसने परिवार के लोगों के साथ सामान्य तरीके से भोजन किया। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। इमानुएल घर के बगल में बने एक अलग कमरे में सोने गया था, जहां गांव के कुछ अन्य युवक भी अक्सर सोया करते थे। परिवार वालों के अनुसार उस समय उसके व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नजर नहीं आई।
गुरुवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं आम चुनने के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान उनकी नजर गांव के पास स्थित एक महोगनी के पेड़ पर पड़ी, जहां इमानुएल टुटी का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों और गांव वालों को दी।
सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मारंगहादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ घंटे पहले सगाई की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब गम और सन्नाटा छाया हुआ है।


