Motihari News: जिले के कोटवा स्थित अशर्फी कुंअर रामरतन राय कॉलेज परिसर में रविवार को दिनदहाड़े एक छात्र की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे, जबकि आरोपी लगातार छात्र पर चाकू से हमला करता रहा।
मृतक की पहचान रितेश कुमार यादव के रूप में हुई है। वह कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव का रहने वाला था। बताया गया कि रितेश कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा देने आया था। इसी दौरान परीक्षा देकर बाहर निकलने के दौरान कॉलेज कैंपस में उस पर हमला कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने रितेश पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। जब तक रितेश जमीन पर गिरकर अचेत नहीं हो गया, तब तक हमला जारी रहा। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्र और अन्य लोग दूर खड़े होकर घटना देखते रहे। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं जुटाई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए कोटवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि रितेश पढ़ाई के साथ-साथ एक वाहन फाइनेंस कंपनी के लिए भी काम करता था।
मामले को लेकर स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सोशल मीडिया रील्स बनाने को लेकर हुए विवाद में छात्र की हत्या की गई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी सरोज यादव मृतक का ही ग्रामीण है और वह 8 से 10 युवकों के साथ हथियार लेकर कॉलेज गेट पर पहुंचा था।
घटना के बाद सदर-2 डीएसपी जितेश पांडे के नेतृत्व में कोटवा, पीपराकोठी और भोपतपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी जल्द हो सके।
पुलिस की टेक्निकल सेल आरोपी और उसके साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज की संवेदनहीनता और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


