Pakur News: जिले के सदर प्रखंड स्थित लखीनारायणपुर गांव में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक और भयावह घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सियारों के झुंड ने एक घर में घुसकर ढाई माह की मासूम बच्ची को उठा लिया और उसे नोचकर मार डाला। इस हमले में एक अन्य चार वर्षीय बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी Gaurav Kumar ने शनिवार को बताया कि लखीनारायणपुर गांव निवासी समीरुल शेख के घर में देर रात अचानक सियारों का झुंड घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान सियार ढाई माह की मासूम आफीफा खातून को उठाकर बाहर ले गए।
परिजनों को जब तक घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाद में गांव के आसपास तलाश करने पर बच्ची के शरीर के केवल कुछ अवशेष ही बरामद हो सके। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। सियारों ने घर में मौजूद चार वर्षीय जासमीन खातून पर भी हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख सियार वहां से भाग निकले। घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मासूम आफीफा खातून के शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची और इलाके में जांच शुरू कर दी गई। थाना प्रभारी गौरव कुमार के अनुसार वन विभाग को सियारों की बढ़ती गतिविधियों की जानकारी दे दी गई है और टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास सियारों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे लोगों में लगातार डर का माहौल बना हुआ था।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नियंत्रण करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


