Khunti News:- खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वो घाटी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मालवाहक ट्रक के पलटने से खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सचिन सिंह और चालक अमर सिंह घायल हो गए हैं, जिनमें अमर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक जमशेदपुर से माल लेकर नागपुर जा रहा था। बुधवार रात करीब 1 बजे सर्वो घाटी में हल्की बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और ट्रक पलट गया। हादसे में खलासी विकास कुमार ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। बताया जाता है कि मृतक और घायल सभी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


