Youth Drug Addiction in Jharkhand : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 14वें दिन प्रश्नकाल के दौरान राज्य में ड्रग्स के अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की लत का मुद्दा जोर-शोर से उठा. हजारीबाग से विधायक रोशन लाल चौधरी ने इस गंभीर समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने कहा कि हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में तेजी से युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं. इसके कारण आपराधिक घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते इस पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले समय में हालात और ज्यादा चिंताजनक हो सकते हैं. विधायक ने इस समस्या से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने की मांग की.
सरकार ने बताया गंभीर मुद्दा, कार्रवाई का दिया ब्यौरा
इस पर जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि ड्रग्स का अवैध कारोबार और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति सरकार के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने एनडीपीएस (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances) एक्ट के तहत पिछले तीन वर्षों में हुई कार्रवाई का ब्यौरा भी सदन में रखा. मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 529 मामले दर्ज हुए थे और 773 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी. वहीं साल 2024 में 804 मामले दर्ज हुए और 1,062 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद वर्ष 2025 में मामलों की संख्या घटकर 782 रह गई और इस दौरान 994 गिरफ्तारियां हुईं.
हजारीबाग में मामलों में आई कमी का दावा
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकार की कार्रवाई का असर भी देखने को मिल रहा है. उन्होंने बताया कि हजारीबाग जिले में साल 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 183 मामले दर्ज किए गए थे. लेकिन फरवरी 2026 तक सिर्फ 17 मामले सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि प्रशासन की कार्रवाई और सख्ती के कारण नशे के कारोबार पर कुछ हद तक लगाम लगी है.
भाजपा विधायक ने उठाया ‘सूखा नशा’ का मुद्दा
इस दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि रांची समेत कई जिलों में ‘सूखा नशा’ का कारोबार तेजी से फैल रहा है. इसकी वजह से बड़ी संख्या में युवा इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं. कई युवा डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं और आत्महत्या जैसे कदम तक उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए जिला स्तर पर विशेष टास्क फोर्स का गठन जरूरी है.
टास्क फोर्स और जागरूकता अभियान पर जोर
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जवाब में कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन पर काम किया जाएगा. हालांकि विभाग की ओर से बताया गया कि राज्य में 30 नवंबर 2022 से ही एक विशेष टास्क फोर्स गठित है, जो केंद्र और राज्य की एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है. आम लोग ड्रग्स से जुड़ी जानकारी MANAS पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दे सकते हैं. साथ ही स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और शहरी क्षेत्रों में समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं.
