Holi 2026 : राजधानी रांची में होली को लेकर अभी से उत्साह चरम पर है. आम लोगों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक, हर कोई रंगों के इस पर्व को लेकर उत्साहित नजर आ रहा है. इसका खास नजारा शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान देखने को मिला. विधानसभा परिसर में शाम का माहौल पूरी तरह होलीमय हो गया, जहां माननीयों ने एक-दूसरे को बधाई देकर त्योहार की खुशियां साझा कीं.
फूलों की होली से सजा विधानसभा परिसर
होली मिलन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सरकार के मंत्री और विधायकों ने फूलों की होली खेली. इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को रंगों के त्योहार की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि होली पारस्परिक प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने कामना की कि हर किसी के जीवन में खुशियों के रंग बने रहें और समाज में आपसी सद्भाव मजबूत हो.
सादगी के साथ मनाया गया इस बार का आयोजन
इस बार विधानसभा परिसर में रंग-गुलाल के बजाय फूलों से होली खेली गई. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन और अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए समारोह को सादगीपूर्ण ढंग से मनाने का निर्णय लिया गया था. इसलिए न तो रंगों का हुड़दंग दिखा और न ही पारंपरिक जोगिरा गाया गया. माहौल गरिमामय और सम्मानपूर्ण रहा, जहां सभी ने संयम के साथ पर्व की खुशियां बांटीं.
पक्ष-विपक्ष साथ दिखे एक मंच पर
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि होली ऐसा पर्व है जिसमें दुश्मन भी गले मिल जाते हैं. यह प्रेम और उल्लास का त्योहार है, जिसे सभी को मिलकर मनाना चाहिए. वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी होली की बधाई देते हुए कहा कि इस पर्व में पक्ष और विपक्ष का भेद मिट जाता है. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए माहौल को और रंगीन बना दिया.
Read More : होली पर पुलिसवालों को नहीं मिलेगी छुट्टी, Jharkhand Police मुख्यालय ने जारी किया सख्त निर्देश
सदन में दिखा उत्साह और सम्मान का संगम
होली मिलन समारोह में विधायक कल्पना सोरेन, नीरा यादव सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के कई सदस्य मौजूद रहे. समारोह ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद त्योहार आपसी प्रेम और एकता का अवसर होते हैं. विधानसभा परिसर में होली का उत्साह तो दिखा, लेकिन पूरी गरिमा और सादगी के साथ.

