Katihar News:– मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर कटिहार जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में जिले में प्रस्तावित एवं संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली गई।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत कटिहार जिले में कुल लगभग 891 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम किया जाना है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना और जिले के समग्र विकास को गति देना है।
राजेंद्र स्टेडियम बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
राजेंद्र स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने के लिए 28 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, जिम सहित आधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे कटिहार के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
गोगाबील झील का होगा सौंदर्यीकरण
गोगाबील झील के संरक्षण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकास के लिए 10.22 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। परियोजना के तहत झील क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, पिकनिक स्पॉट, बोटिंग और वाटर राइड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर 364 करोड़ से अधिक खर्च
कटिहार शहर में इंटरसेप्शन एंड डाइवर्जन (IND) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 364.35 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना प्रस्तावित है। इस योजना से शहर के सीवेज का उपचार कर जल प्रदूषण को नियंत्रित किया जाएगा और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा।
रेलवे उपरी पुल से मिलेगी जाम से राहत
कटिहार रेल मंडल अंतर्गत दो महत्वपूर्ण समपार फाटकों पर रेलवे उपरी पुल निर्माण के लिए 193.65 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। संतोषी चौक और साहेब पारा चौक के बीच बनने वाले इन पुलों से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
इसके अलावा आजमनगर स्थित बाबा गोरखनाथ धाम में पर्यटकीय संरचनाओं के निर्माण पर 14.20 करोड़ रुपये, अमृत 2.0 योजना के तहत कटिहार शहर में जलापूर्ति व्यवस्था पर 150.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं कटिहार सदर, आजमनगर, कोढ़ा, फलका, बरारी और प्राणपुर में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण पर कुल 99.726 करोड़ रुपये तथा डंडखोरा प्रखंड में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय-सह-आवासीय परिसर के निर्माण पर 30.74 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित है।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से कटिहार जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

