Ranchi News:- राजधानी रांची के पुराना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अपार्टमेंट के सबसे ऊपरी तल्ले में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
अचानक लगी आग के कारण अपार्टमेंट में रह रहे लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैट छोड़कर नीचे की ओर भागने लगे। सीढ़ियों और लिफ्ट के पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवार अपने जरूरी सामान तक नहीं निकाल सके और केवल जान बचाने पर ध्यान दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी अनिल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल सात दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि आग अपार्टमेंट के 11वें तल्ले में लगी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, क्योंकि ऊपरी तल्ले तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था।
आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि इस अगलगी में कई फ्लैटों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन ने अपार्टमेंट निवासियों से सतर्क रहने और बिजली से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

