Chaibasa News:- सरायकेला जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला–चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बड़ा थलको (थोलको) गांव के समीप उस समय हुआ, जब चाईबासा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सरायकेला की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से आमने-सामने टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में घायल तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। घायल को इलाज के लिए बाहर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर के लिए सरायकेला–चाईबासा मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही पांड्राशाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ओपी प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

