Palamu News:- पलामू पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्षा मोड की ओर जाने वाले सड़क मार्ग से एक सफेद रंग की कार में नकली अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लादकर पांकी–बलियारी मोड़ के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज और पांकी के सीडीपीओ के नेतृत्व में दो विशेष छापेमारी दल गठित किए गए।
टीम ने तलाशी अभियान चलाते हुए पांकी–बलिहारी रोड पर एक सफेद रंग की Maruti XL6 कार को शक के आधार पर रोका। वाहन की तलाशी में पुलिस ने 28 पेटी ओल्ड मॉन्क रम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनकी पहचान आरिफ़ अंसारी उर्फ गोल्डन और एजाज आलम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि सालमदीरी के जंगलों में स्थित मैंनवा इलाके में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने की एक गुप्त फैक्ट्री चलाई जा रही है। इस फैक्ट्री का संचालन निर्मल यादव नामक व्यक्ति करता है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भारी मात्रा में नकली शराब निर्माण से जुड़े उपकरणों और सामग्री को बरामद करते हुए फैक्ट्री को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
पुलिस ने मामले में कुल चार लोगों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से नकली शराब तैयार कर बिहार और झारखंड के कई इलाकों में सप्लाई कर रहा था।
पलामू पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद शराब माफिया में हड़कंप मच गया है।

