Palamu News:- पलामू जिले के मेदिनीनगर में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में दो दिन पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वही घर अब मातम में डूब गया है। सिंगरा स्थित नेशनल हाईवे पर हाइवा की टक्कर से बाइक सवार 31 वर्षीय राहुल पाठक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, राहुल सोमवार की दोपहर किसी कार्य से बैंक गए थे और पैसे निकालकर वापस लौट रहे थे। जब वे सिंगरा के पास हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सबसे अधिक दर्दनाक बात यह रही कि राहुल की शादी अभी 28 नवंबर को ही सिमडेगा निवासी बसंत मिश्रा की पुत्री नेहा कुमारी से हुई थी। शादी माया पैलेस में बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। खुशियों से भरे इस परिवार पर महज दो दिन बाद ही गम का पहाड़ टूट पड़ा। नई दुल्हन की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
सूचना पर सदर थाना प्रभारी लालजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से पंजरी गांव निवासी राहुल मनोज पाठक के पुत्र थे और वर्तमान में परिवार के साथ सुदना मोहल्ला में रहते थे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और परशुराम सेना से जुड़े हुए थे, जिससे उनकी सामाजिक पहचान भी काफी व्यापक थी। उनकी अचानक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

