Bhagalpur News:- भागलपुर जिले में शराब माफियाओं के दुस्साहस का नया मामला सामने आया है। सनोखर थाना पुलिस ने रात्री गश्ती के दौरान एक बोलेरो वाहन को पकड़ा है जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब भरी हुई थी। आश्चर्यजनक बात यह है कि इस बोलेरो पर पुलिस का लोगो लगाया हुआ था, जिससे शराब तस्करी को आसानी से अंजाम देने का प्रयास किया जा रहा था।
कहलगांव के डीएसपी कल्याण आनंद ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि देर रात सनोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलोंधा-भखरी मोड़ के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान झारखंड के बलबड्डा की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही वाहन चालक गाड़ी बीच सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
जब पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की 279 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों में है। वाहन पर पुलिस का स्टिकर लगा होने की वजह से तस्करो की यह योजना थी कि जांच में बिना रोक-टोक गाड़ी गुजर सके। इससे यह स्पष्ट होता है कि शराब माफिया अब नई-नई चालें अपनाकर कानून को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं।
मौके पर सनोखर थाना के एएसआई गीतेश प्रसाद, सैफ कृष्ण चौधरी और महिला पुलिस रानी कुमारी मौजूद थीं। टीम ने बोलेरो को जब्त कर थाना ले आई है और फरार चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
डीएसपी ने बताया कि इस पूरे रैकेट का नेटवर्क झारखंड से जुड़ा हुआ माना जा रहा है और यह संभावना है कि पुलिस स्टिकर का इस्तेमाल पहले भी तस्करी को अंजाम देने में किया गया हो। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गाड़ी के पीछे किन लोगों का हाथ है और कहीं स्थानीय स्तर पर कोई सहयोग तो नहीं किया जा रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

