Patna News:- बिहार में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बिहार एसटीएफ और बेगूसराय जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई की पुष्टि पटना पुलिस मुख्यालय ने की है।
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध हथियारों की बड़ी सप्लाई की तैयारी चल रही है। इस इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने रेड डाली। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में शिवदत्त राय घायल हो गया। दबोचे जाने के बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तारी के दौरान शिवदत्त राय के पास से एक देसी कार्बाइन, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और पांच खोखा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार शिवदत्त राय का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।
इसी दौरान गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर टीम ने साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के शालीग्राम स्थित अमित कुमार गुप्ता के घर पर भी छापेमारी की। पुलिस को अंदेशा था कि यहां अवैध हथियार बनाने का धंधा चल रहा है। छापेमारी में पुलिस की यह आशंका सच साबित हुई और एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।
यहां से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए गए जिनमें सात देसी पिस्टल, एक अधनिर्मित पिस्टल, सात मैगजीन, ₹3,70,000 नकद और 970 बोतल अवैध कफ सिरप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है और इसकी तस्करी भी बड़े पैमाने पर हो रही थी।
पूरे मामले में साहेबपुर कमाल थाना में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला है और इस अवैध हथियार कारोबार के पीछे और कौन लोग जुड़े हुए हैं। एसटीएफ ने साफ किया है कि इस तरह के अपराधियों पर निगरानी और तेज की जाएगी।

