Dumka News: – सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) का 9वां दीक्षांत समारोह सोमवार को दुमका स्थित कन्वेंशन सेंटर में बड़े ही उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने की। इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक, डिग्री और उपाधि प्रदान की।
कार्यक्रम में कुल 78 छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया, जबकि 37 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि दी गई। इसके अलावा विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न परीक्षाओं में सफल 33,697 छात्रों को इन-एबसेंशिया डिग्री प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह के दौरान छात्रों के चेहरों पर उत्साह और उपलब्धि की चमक साफ नजर आ रही थी।
इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ स्नातक (बेस्ट ग्रेजुएट) का खिताब सेंट जेवियर्स कॉलेज, महारो की गणित विभाग की छात्रा तृप्ति शोभा मरांडी को दिया गया। तृप्ति ने यूजी सत्र 2021-24 में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर यह सम्मान हासिल किया। विश्वविद्यालय प्रशासन और उपस्थित अतिथियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की।
समारोह में पारंपरिक भारतीय परिधान की झलक भी दिखी। डिग्री व मेडल प्राप्त करने वाले अधिकांश छात्र-छात्राएं कुर्ता-पायजामा, सलवार-कुर्ता और साड़ी जैसे पारंपरिक वस्त्रों में नजर आए, जिससे कार्यक्रम का सांस्कृतिक सौंदर्य और भी निखर उठा।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने संबोधन में छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत केवल पढ़ाई का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा है, और इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति, सभी संकाय सदस्य, शोधार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

