Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन है। रविवार को सभी प्रमुख राजनीतिक दल और उनके दिग्गज नेता मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान होना है, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों में से दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन जिलों में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम तक चलेगा।
बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन (आई.एन.डी.आई.ए. ब्लॉक) के बीच माना जा रहा है। हालांकि, जनसुराज पार्टी भी कुछ सीटों पर मजबूत दावेदारी पेश करती दिख रही है, जिससे कई क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला संभव है।
राज्य में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था, जिसमें 65.6 प्रतिशत की रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव आयोग और राजनीतिक दलों को उम्मीद है कि दूसरे चरण में भी मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव प्रचार आज शाम थम जाएगा। उसके बाद प्रत्याशी केवल जनसंपर्क और सीमित प्रचार के माध्यम से ही मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। सभी पार्टियों ने आज अपने स्टार प्रचारकों की तैनाती कर दी है ताकि अंतिम दिन अधिक से अधिक जनसमर्थन जुटाया जा सके।
11 नवंबर को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

