Betia News:- पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर विधानसभा क्षेत्र के गौनाहा ब्लॉक स्थित बेलसंडी हाई स्कूल परिसर में शनिवार को आयोजित भव्य जनसभा में भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
मनोज तिवारी ने अपने परिचित भोजपुरी अंदाज में कहा, “हाँ, हम बिहारी हैं जी, थोड़े संस्कारी हैं जी… 2025 में भी एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी जी।” उनके इस बयान पर सभा स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने विकास के जो कार्य शुरू किए हैं, उन्हें रुकने नहीं देना चाहिए। उन्होंने लोगों से 11 नवंबर को कमल के निशान पर वोट देने की अपील की।
सभा में मौजूद लोगों का धन्यवाद करते हुए तिवारी ने कहा कि बिहार में विकास की गति को बनाए रखने के लिए एनडीए सरकार जरूरी है। इस दौरान उनकी पत्नी सुरभि तिवारी ने भी मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं और युवा मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे। उन्होंने रामनगर विधानसभा के थरूहट क्षेत्र के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर राम के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मौर्य ने कहा कि एनडीए सरकार ने विकास के कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं और जनता का सहयोग इसे आगे बढ़ाने में जरूरी है।
अपने भाषण में मनोज तिवारी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “अगर लालू यादव का बेटा मुख्यमंत्री बना, तो बिहार फिर से झूठे वादों और पिछड़ेपन की राह पर चला जाएगा।” उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने की क्षमता केवल एनडीए सरकार में है।
सभा की अध्यक्षता वाल्मीकि प्रसाद और संचालन निरंजन पंजियार ने किया। मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में सुपौली धमौरा पंचायत की प्रतिभाशाली बालिका ईशानी कुमारी के नृत्य प्रदर्शन से प्रभावित होकर तिवारी ने उसे राष्ट्रीय स्तर पर नृत्य कला अकादमी में शामिल कराने की घोषणा की।

