Chaibasa News:- झारखंड के नक्सल प्रभावित सारंडा वन क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और नक्सली साहित्य बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि 6 नवंबर को जराईकेला थाना क्षेत्र के कुलापू बुरू इलाके में पुलिस बल और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें नक्सलियों के ठिकानों से कई घातक हथियार और विस्फोटक मिले।
बरामद सामग्रियों में दो एसएलआर राइफल, एक .303 राइफल, 37 एके-47 के कारतूस, 78 एसएलआर के कारतूस, 130 .303 के कारतूस, कई मैगजीन, 16.68 किलोग्राम जिलेटिन पैकेट, 13 तैयार आईईडी, इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पांच रेडियो सेट, दो इंटरसेप्टर, 24 सिरिंज, 20 प्लास्टिक पाइप, दो लैपटॉप (एएसयूएस और लेनोवो), 11 एफएम रेडियो समेत अन्य सामग्रियां शामिल हैं।
एसपी रेणु ने बताया कि बरामद वस्तुओं से यह साफ संकेत मिलता है कि नक्सली किसी बड़े विस्फोट की साजिश रच रहे थे। लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उनकी यह योजना विफल हो गई।
उन्होंने कहा कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी है और जब तक इलाके से नक्सली गतिविधियों का पूर्ण उन्मूलन नहीं हो जाता, यह अभियान जारी रहेगा।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने बताया कि आगे भी सर्च और डॉमिनेशन ऑपरेशन तेज किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि को जड़ से खत्म किया जा सके।


