Khunti News:- रनिया थाना क्षेत्र स्थित लोहागड़ा डाईर मेला में अवैध शराब बिक्री रोकने पहुंचे थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हमले के दौरान हमलावरों ने ड्यूटी पर मौजूद जवान अनीष बारला की रायफल छीनने की भी कोशिश की थी।
गिरफ्तार आरोपितों को बुधवार को जेल भेजे जाने से पहले रनिया चौक से होते हुए खूंटी लाया गया। उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोपितों को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कटफरा (लकड़ी का मोटा टुकड़ा), खून से सना पत्थर, शराब की टूटी बोतलें और आरोपितों के कपड़े बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में गुमला जिले के ममरला टेंगरा निवासी सुखदेव झोरा उर्फ भोको (20), रनिया के जापुद झोराटोली निवासी सेनेतर भेंगरा उर्फ सोनू (24), बड़काटोली डिगरी निवासी जगतपाल उर्फ चौठा सिंह (45), मेलानियुस होरो (32), केराटोली निवासी मार्शल कोनगाड़ी (66) और कनकलोया बरटोली की महिला पूनम भेंगरा (42) शामिल हैं।
मामले में रनिया थाना कांड संख्या 33/25 के तहत अंचलाधिकारी प्रशांत डांग के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसकी जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह को दी गई है।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में तीन थानों की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की। अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 2 नवंबर को डाईर मेला के दौरान थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। जब थाना प्रभारी एक जवान के साथ मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया, तो नशे में धुत कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बचाव में आए जवान पर भी हमला किया गया और उसकी रायफल छीनने की कोशिश की गई।
एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज चल रहा है

