Jamtara News:- दीपावली के अवसर पर जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने सोमवार को जामताड़ा थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिले में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने 19 अक्टूबर को पोसोई मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया, इसी दौरान एक संदिग्ध काली स्प्लेंडर (नंबर JH21L-6959) को रोका गया।
बाइक पर सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति खेत की ओर भाग गया, जबकि चालक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मकसूद अंसारी उर्फ बहिरा उर्फ मधुलिया, निवासी दिघारी, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। उसने कबूल किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलें करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सहाबुद्दीन अंसारी और सुकटुडीह के बकरीद मियां को बेचता था।
उसके बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों में मकसूद अंसारी और सहाबुद्दीन अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सहाबुद्दीन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी है। वहीं, दो अन्य आरोपी जैनुल अंसारी और बकरीद मियां फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
एसपी राज कुमार मेहता ने बताया कि दीपावली के मौके पर यह सफलता पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले में चोरी की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।


