Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई 20 लाख रुपये की बड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, लूटे गए गहने और वाहन समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शिवाशीष ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कुणाल सिंह मुंडा (बिरसानगर जोन नंबर 3), कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी (बिरसानगर जोन नंबर 6), सयोराज सिंह उर्फ जस्से (आदित्यपुर रोड नंबर 1, जनता फ्लैट), फहीम आलम (जुगसलाई मिल्लतनगर) और मोहम्मद सद्दाम (गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई) के रूप में हुई है।
एसपी के अनुसार, ये सभी शहर के सक्रिय अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या, चोरी और लूट जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, सोने का ब्रेसलेट, टाइटन कंपनी की घड़ी, बिना नंबर की स्कूटी और एक ऑटो बरामद किया है।
जांच में पता चला कि इन अपराधियों ने कदमा के रामनगर रोड नंबर 2 स्थित दीपराज सिंह के घर में पूरी योजना बनाकर डकैती की थी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया था।
इस टीम में मुख्यालय-2 डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, डीएसपी सन्नी वर्धन, कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, एसआई दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, आमिर हमजा और एएसआई तसौवर हुसैन खां शामिल थे।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद शहर में राहत की भावना है और पुलिस ने कहा है कि अपराध पर नकेल कसने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

