Giridih News:- गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के पोरदाग गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। नहाने के दौरान तालाब में डूबने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुजय मल्लिक (45) अपने 10 वर्षीय पुत्र दीप मल्लिक के साथ रविवार की दोपहर गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
काफी देर तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की। जब ग्रामीणों ने तालाब किनारे बाइक, कपड़े और मोबाइल फोन देखा, तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक सुजय मल्लिक पश्चिम बंगाल के आसनसोल (वर्दवान) का निवासी था और अपने ससुराल पोरदाग गांव में दुर्गा पूजा मनाने आया हुआ था। लेकिन त्योहार की खुशियाँ देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब का पानी गहरा है और किनारों पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक तालाबों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गा पूजा के बीच घटी इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं।

