Ranchi News: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। मंगलवार को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।
अधिसूचना के मुताबिक, अविनाश कुमार को फिलहाल अगले आदेश तक मुख्य सचिव के दायित्व के साथ-साथ मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे पहले वे ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक और झारखंड बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अविनाश कुमार ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई अहम पदों पर कार्य करते हुए विकास और ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी नियुक्ति को राज्य सरकार की प्रशासनिक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। उन्होंने अलका तिवारी की जगह पदभार संभाला है, जो मंगलवार को सेवानिवृत्त हुईं।
वहीं, झारखंड सरकार ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को राज्य का विकास आयुक्त नियुक्त किया है। अजय कुमार को यह जिम्मेदारी उनके वर्तमान कार्यों के अलावा अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इन बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य सरकार ने अनुभवी और दक्ष अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर आने वाले समय में प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने की कोशिश की है। खासकर ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अब नए नेतृत्व से बेहतर समन्वय और सुधार की उम्मीद की जा रही है।

