Ranchi News:- झारखंड में भाजपा ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर टेंडर घोटाला करवाने और धर्म के नाम पर खुलेआम पक्षपात करने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने रविवार को प्रेस वार्ता में ठोस दस्तावेज और तथ्यों के साथ दावा किया कि स्वास्थ्य मंत्री के संरक्षण में टेंडर घोटाले हुए हैं।
अजय साह ने बताया कि पिछले एक साल में राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी 11 टेंडरों में से सभी टेंडर रांची के एक ही मुस्लिम परिवार की कंपनियों को दिए गए। इस परिवार ने तीन अलग-अलग कंपनियां—हिन्द इंफ्राटेक, भारत सप्लायर्स और ग्लोबल सप्लायर्स—एक ही पते पर रजिस्टर्ड कराई और इन सभी टेंडरों में इनका ही चयन हुआ। इनमें से दो कंपनियों में एक ही व्यक्ति निदेशक के रूप में दर्ज है।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि जेम पोर्टल के क्लॉज़ 29 के तहत यदि कोई व्यक्ति अलग-अलग कंपनियां बनाकर टेंडर भरता है, तो सभी कंपनियां तकनीकी रूप से अयोग्य घोषित हो जानी चाहिए। लेकिन यहां इसके उलट हुआ। इन कंपनियों को न केवल योग्य घोषित किया गया, बल्कि वर्क ऑर्डर देकर भुगतान भी कर दिया गया। अजय साह ने इसे एक सुनियोजित लूट और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार बताया।
भाजपा ने कहा कि यह मामला केवल वित्तीय भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें धार्मिक पक्षपात भी शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री की ओर से केवल अपनी जाति और समुदाय के ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इन सभी टेंडरों को तुरंत रद्द किया जाए और इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए।
अजय साह ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच यह सुनिश्चित करे कि क्यों और कैसे एक ही परिवार की कंपनियों को राज्य के 11 जिलों में 11 टेंडर दिए गए। उनका कहना है कि राज्य की जनता को स्वास्थ्य सुविधा देने की बजाय केवल भ्रष्टाचार और लूट पर ध्यान दिया जा रहा है।

