Palamu News:- जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों पर नकेल कसते हुए प्रशासन ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाया। उपायुक्त समीरा एस के सख्त निर्देश पर विभिन्न अंचलों में छापेमारी कर 18 से अधिक क्लिनिकों को सील कर दिया गया।
चल अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित सभी संदिग्ध व अवैध क्लिनिकों की जांच करने और नियम विरुद्ध पाए जाने पर तत्काल सील करने का आदेश दिया था। आदेश के बाद जिलेभर में प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गई और कई जगह छापेमारी की।
ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों में इलाज के दौरान मरीजों की मौत के कई मामले सामने आए थे। इन घटनाओं से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे। इसी पृष्ठभूमि में उपायुक्त ने कार्रवाई का सख्त रुख अपनाया है।
सदर अंचल में लूपिन डायग्नोस्टिक, जानकी मेमोरियल, वैष्णवी डायग्नोस्टिक, रांची ईएनटी न्यूरोकेयर, विद्यांचल हॉस्पिटल का ओपीडी और कृष्णा हॉस्पिटल की फार्मेसी सील की गई।
हरिहरगंज में रागिनी क्लिनिक को सील किया गया, जबकि पांच अन्य अस्पतालों की जांच की गई।
विश्रामपुर अंचल में रानी क्लिनिक, शिवम क्लिनिक और खुशी क्लिनिक पर कार्रवाई हुई।
नावाबाजार में अंकिता क्लिनिक और ए.के. विश्वास क्लिनिक सील किए गए।
उंटारी रोड अंचल में तीन क्लिनिक, जबकि पांडु और नौडीहा बाजार में एक-एक अवैध क्लिनिक पर ताला जड़ा गया।
अभियान जारी रहेगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान यहीं समाप्त नहीं होगा। अन्य अंचलों में भी जांच की प्रक्रिया चल रही है और जिन क्लिनिकों के पास वैध कागजात नहीं होंगे, उन्हें भी सील कर दिया जाएगा।
उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि “मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति और आवश्यक सुविधाओं के संचालित क्लिनिकों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिलेभर के अवैध क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने इसे सराहनीय कदम बताया है।


