Ranchi News:- झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) शनिवार को देश का कुख्यात अपराधी सुनील सिंह मीणा उर्फ मयंक सिंह को अजरबैजान से लेकर भारत पहुंचेगी। मयंक सिंह अमन साहू गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उस पर हत्या, रंगदारी, अपहरण सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। एटीएस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 29 अक्टूबर 2024 को इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर अजरबैजान प्रशासन ने मयंक सिंह को बाकू में हिरासत में लिया था। भारत सरकार और झारखंड पुलिस की लगातार पहल के बाद अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी हो रही है। अजरबैजान प्रशासन मयंक को बाकू शहर में भारतीय अधिकारियों को सौंपेगा, जिसके बाद टीम उसे लेकर दिल्ली आएगी। वहां से उसे रांची लाया जाएगा।
झारखंड एटीएस की रिपोर्ट के मुताबिक, मयंक सिंह पर कुल 48 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 12 से अधिक केस हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों – बड़कागांव, केरेडारी, कोर्रा और हजारीबाग सदर – में दर्ज हैं। इसके अलावा रांची, रामगढ़, पलामू और गिरिडीह जिलों में भी उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले लंबित हैं। इतना ही नहीं, रायपुर और राजस्थान पुलिस ने भी उस पर केस दर्ज कर रखा है। भारत लाए जाने के बाद न केवल झारखंड पुलिस बल्कि अन्य राज्यों की पुलिस भी उससे पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि मयंक सिंह अमन साहू गैंग का बेहद करीबी माना जाता है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगेगी। इस पूरे ऑपरेशन के लिए झारखंड एटीएस एसपी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम अजरबैजान रवाना हुई थी, जो अब उसे भारत लाकर कानून के हवाले करेगी।

