Samastipur News:- बिहार के समस्तीपुर जिले से एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डोनाल्ड जॉन ट्रंप के नाम से निवास प्रमाण पत्र बनवाने का प्रयास किया गया। यह आवेदन मोहिउद्दीननगर प्रखंड के लोक सेवा केंद्र में 29 जुलाई 2025 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। आवेदन संख्या BRCCO/2025/17989735 के तहत आए इस दस्तावेज़ में ट्रंप का नाम, पता — ग्राम हसनपुर, वार्ड 13, पोस्ट बाकरपुर, थाना मोहिउद्दीननगर, जिला समस्तीपुर — अंकित किया गया था। जांच के दौरान फोटो, आधार नंबर, बारकोड और पते में गड़बड़ी पाई गई।
राजस्व अधिकारी, मोहिउद्दीननगर द्वारा 4 अगस्त को आवेदन को फर्जी करार देते हुए अस्वीकृत कर दिया गया। यह संदेह जताया गया है कि यह हरकत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर थाना, समस्तीपुर में प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा की है। फर्जीवाड़े की इस कोशिश को प्रशासन ने संवेदनशील और आपराधिक कृत्य माना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल दस्तावेजों में इस तरह की छेड़छाड़ न सिर्फ सरकारी व्यवस्था को ध्वस्त करती है, बल्कि साइबर अपराध की गंभीर मिसाल भी बनती है। मामले की अग्रेतर जांच अब साइबर पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर डिजिटल सत्यापन प्रक्रिया की मजबूती और साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता की आवश्यकता पर सवाल खड़ा करती है।
इस खबर को भी पढ़ें :मजदूर टेनी मांझी के खाते में आया खरबों रुपया, बैंक ने किया खाता फ्रीज, गांव में मचा हड़कंप
इस खबर को भी पढ़ें :नेपाल से सफारी गाड़ी में तस्करी की जा रही शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने किया बरामद, 521 लीटर नेपाली शराब जब्त तस्कर फरार

