Seraikela News:- झारखंड के सरायकेला जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। माओवादी संगठन भाकपा (माओवादी) की साजिश को विफल करते हुए पुलिस और सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं। सरायकेला पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादियों ने मासीबेरा हिल इलाके के जंगलों में भारी मात्रा में विस्फोटक छिपा रखा है, जिसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले के लिए किया जाना था। इस सूचना के आधार पर सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 31 जुलाई को विशेष सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मासीबेरा हिल क्षेत्र के पास जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्रियों का भंडार मिला। बरामद सामग्री में शामिल हैं:
-
20 पैकेट ब्लू प्लास्टिक कंटेनर में अमोनियम नाइट्रेट (प्रत्येक 1 किलोग्राम)
-
40 पैकेट स्टील कंटेनर में अमोनियम नाइट्रेट (प्रत्येक 1 किलोग्राम)
-
10 पैकेट वैसिलीन पेट्रोलियम जैली (प्रत्येक 42 ग्राम)
इस प्रकार कुल 60 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार यह विस्फोटक वर्षों पहले माओवादियों द्वारा छिपाया गया था और इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाना था। बरामद सभी विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि इस अभियान से माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है और यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

