Gumla News:- झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लावा दाग जंगल में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने संगठन के तीन उग्रवादियों को मार गिराया, जिनमें एक सब जोनल कमांडर दिलीप लोहरा भी शामिल है।
गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड जगुआर, घाघरा, बिशुनपुर और गुमला थाना की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की थी। जैसे ही सुरक्षाबल जंगल में पहुंचे, उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन उग्रवादियों को मौके पर ही ढेर कर दिया।
घटनास्थल से एक AK-47 और दो इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। पुलिस ने अब तक तीनों शवों को बरामद कर लिया है, जिनमें से एक की पहचान जेजेएमपी के कमांडर दिलीप के रूप में हुई है।
फिलहाल क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि अन्य संभावित उग्रवादियों की तलाश की जा सके। एसपी ने बताया कि नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह कार्रवाई पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, जो झारखंड में उग्रवाद को समाप्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

