ग्रामीणों में शोक की लहर, देर से पहुंची मेडिकल टीम पर आक्रोश
Palamu News:- पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड अंतर्गत हरतुआ पंचायत के अमवा गांव में मंगलवार को एक हृदय विदारक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। कुएं में मोटर निकालने के लिए उतरे शंभू सिंह और उनके पिता विश्वनाथ सिंह की जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटकर मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुई घटना?
परिजनों के अनुसार, शंभू सिंह अपने घर के पास स्थित लगभग 25 फीट गहरे सूखे कुएं में खराब मोटर निकालने के लिए उतरे थे। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए तो उनके पिता विश्वनाथ सिंह भी उन्हें देखने कुएं में उतर गए। अंदर जहरीली गैस के रिसाव के कारण दोनों बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी जान चली गई।
प्रशासन पहुंचा मौके पर, लेकिन मेडिकल टीम हुई लेट
घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, थानाध्यक्ष उत्तम कुमार राय और एसआई विक्रमशिल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। हालांकि, मेडिकल टीम के काफी देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
कोई नहीं उतरा कुएं में, फिर जवान ने दिखाया साहस
कुएं से शव निकालना सबसे कठिन कार्य बन गया। जहरीली गैस की आशंका से कोई भी ग्रामीण नीचे उतरने को तैयार नहीं था। इस बीच, थाने के जवान बबन कुमार यादव ने कमर में रस्सी बांधकर दिलेरी से कुएं में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला। उनकी बहादुरी की पूरे गांव में सराहना हो रही है।
पूरे गांव में पसरा मातम
घटना के बाद से अमवा गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

